मुजफ्फरनगर। जानसठ रोड स्थित द्वारका सिटी में दिनदहाड़े हुई लाखों रुपये की चोरी में पुलिस अभी तक कोई सुराग नहीं लगा सकी है। इस बीच पीड़ित परिवार ने कॉलोनी समिति से जुड़े आकाश कुमार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अप्रत्यक्ष रूप से इस घटना के लिए जिम्मेदार ठहराया है। पीड़ित का आरोप है कि बार-बार शिकायत के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया है।
घटना थाना नई मंडी क्षेत्र की है, जहां बीते गुरुवार को स्कूटी सवार दो बदमाशों ने कॉलोनी वेलफेयर समिति के अध्यक्ष अमित वत्स के घर को निशाना बनाते हुए लाखों की चोरी कर ली थी। घटना के वक्त अमित वत्स बिजनौर गए हुए थे, जबकि उनकी पत्नी बुढ़ाना क्षेत्र के जौला गांव स्थित एक प्राथमिक विद्यालय में ड्यूटी पर थीं। घर सूना देख बदमाशों ने ताला तोड़ा और केवल 18 मिनट में ही लाखों रुपये का कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
चोरी की सूचना पर कॉलोनी और पूरे शहर में हड़कंप मच गया। कानून-व्यवस्था को लेकर उठे सवालों के बीच उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री और नगर विधायक कपिल देव अग्रवाल भी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने मौके पर तलब कर थाना नई मंडी प्रभारी दिनेश चंद्र बघेल और अन्य अधिकारियों को जल्द से जल्द चोरी का खुलासा करने के निर्देश दिए ।
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कठोरतम कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि योगी सरकार में अपराध और अराजकता के लिए कोई स्थान नहीं है। मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता जन सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाना है। इस तरह की घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। प्रशासन को निर्देशित किया गया है कि इस मामले में कोई ढिलाई न बरती जाए और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए।
घटना के दो दिन बाद भी जब चोरी का कोई सुराग नहीं लगा तो अमित वत्स ने मीडिया से बातचीत करते हुए आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि द्वारका सिटी के मालिकों में शामिल और दी.एस.डी. पब्लिक स्कूल के सचिव आकाश कुमार बार-बार निवेदन के बावजूद कॉलोनी में सुरक्षा व्यवस्था नहीं दुरुस्त करवा पाए। अमित वत्स ने आरोप लगाया कि दी.एस.डी. पब्लिक स्कूल की ओर से कोई सुरक्षाकर्मी नहीं लगाया गया, ना ही सीसीटीवी कैमरों की उचित व्यवस्था की गई। उन्होंने यह भी कहा कि सुरक्षा में लापरवाही के चलते उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ा है, इसलिए आकाश कुमार को उनके नुकसान की भरपाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि दो तीन बार आकाश को कहा भी गया है लेकिन उन्होंने कोई सुनवाई नहीं की बल्कि वे अपनी मस्ती में ही रहते है।
घटना के बाद से पुलिस ने कुछ संदिग्धों से पूछताछ की है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। कॉलोनी के लोगों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल है। रहवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि द्वारका सिटी जैसी पॉश कॉलोनी में 24 घंटे सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और अपराधियों को जल्द पकड़कर सख्त सजा दी जाए। सुने पीड़ित अमित वत्स का पूरा बयान-










Discussion about this post