मुजफ्फरनगर। ग्राहकों से कार बुकिंग और एक्सचेंज के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले KIA शोरूम मैनेजर जुहैब हसन खान को मंसूरपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे दौलतपुर-मनव्वरपुर के रजवाहे के पास से पकड़ा। आरोपी के पास से 55 लाख रुपये (20 लाख रुपये नगद और 35 लाख बैंक खातों में फ्रीज) और तीन कारें बरामद की गई हैं।
जांच में पता चला कि जुहैब हसन खान ने अपने पिता इफ्तिखार हसन खान और शोरूम कर्मचारियों के साथ मिलकर ग्राहकों से कार बुकिंग और एक्सचेंज के नाम पर पैसे ऐंठे। ग्राहकों को फर्जी रसीदें दी जाती थीं और उनकी पुरानी कारें बेचकर रकम हड़प ली जाती थी। ऑनलाइन पेमेंट करने वाले ग्राहकों से पैसे खुद के और पत्नी के बैंक खातों में ट्रांसफर कराए जाते थे।
इस मामले में पहले ही जुहैब के पिता और शोरूम के अन्य कर्मचारियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने धोखाधड़ी से जुड़े कई मामले दर्ज किए हैं।
मंसूरपुर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज मामलों के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस टीम में थाना प्रभारी सुभाष अत्री समेत कई अधिकारी शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि यदि किसी अन्य व्यक्ति के साथ भी इस तरह की ठगी हुई हो, तो वे तुरंत पुलिस से संपर्क करें।











Discussion about this post