मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में पुलिस ने बुधवार को एक खेत में बने खंडहर पर छापा मारा. इस दौरान पुलिस ने तीन लोगों को अवैध हथियार बनाते हुए गिरफ्तार किया. पुलिस ने मौके से बड़ी संख्या में अधबने और बने हुए अवैध हथियार व उन्हें बनाने के उपकरण भी बरामद किए.
बुढाना कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि सफीपुर गांव के एक खेत में बने खंडहर में अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री चल रही है. पुलिस ने घेराबंदी कर छापा मारा और मेहरबान, कयूम और राहुल नाम के तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया. पुलिस ने खंडहर से डेढ़ दर्जन से अधिक अधबने और बने हुए अवैध हथियार और हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए. एसपी ग्रामीण आदित्य बंसल ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त मुजफ्फरनगर और आसपास के जिलों में अवैध हथियार सप्लाई करते थे. पूछताछ में अभियुक्तों ने कुछ और लोगों के नाम भी बताए हैं जिन्हें उन्होंने ये अवैध हथियार बेचे थे. अब पुलिस इन खरीदारों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है.
एसपी आदित्य बंसल ने बताया कि बुढाना थाना पुलिस ने कस्बा बुढाना में चल रही एक अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. मौके से तीन अभियुक्त मेहरबान, कयूम और राहुल को गिरफ्तार किया गया है. इनके पास से अवैध शस्त्र बनाने के उपकरण, 20 बने और अधबने शस्त्र, 12 बोर और 315 बोर के हथियार, 6 लोहे की नाल और 6 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं. कयूम और राहुल पहले भी शस्त्र फैक्ट्री में जेल जा चुके हैं. कयूम लकड़ी का काम करता है और मेहरबान इस ग्रुप का संचालक है. ये लोग चार से पांच हजार रुपये में एक तमंचा बेचते थे.
एसपी आदित्य बंसल ने बताया कि ये फैक्ट्री पिछले एक-डेढ़ महीने से चल रही थी और एक तमंचा बनाने में एक दिन का समय लगता था. अभियुक्त लगातार तमंचे बनाकर इकट्ठे कर रहे थे और इन्हें मुजफ्फरनगर और आसपास के जिलों में बेचने का प्लान था. पुलिस ने इनसे पूछताछ में और भी नाम उजागर किए हैं और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा.











Discussion about this post