मुज़फ्फरनगर। भोपा रोड स्थित गांव चांदपुर में मेडिकल वेस्ट फैक्ट्री के निर्माण के विरोध में चल रहे धरने को आज एक महीना पूरा हो गया। इस मौके पर ग्रामीणों ने महापंचायत का आयोजन किया, जिसमें आसपास के 10–12 गांवों के ग्राम प्रधानों, ग्रामीणों के साथ-साथ सामाजिक व किसान संगठनों ने भी शिरकत की।
पंचायत में एसडीएम सदर निकिता शर्मा, तहसीलदार व नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि विवादित मेडिकल बायो वेस्ट फैक्ट्री की NOC रद्द कराई जाएगी और इसे गांव में संचालित नहीं होने दिया जाएगा। एसडीएम ने एक प्रतिनिधिमंडल को जिलाधिकारी से मिलवाने का भी आश्वासन दिया।
गौरतलब है कि यह मामला थाना नई मंडी क्षेत्र के गांव चांदपुर का है, जहां मेडिकल बायो वेस्ट फैक्ट्री का निर्माण कार्य जारी है। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्हें पहले फैक्ट्री की असली प्रकृति की जानकारी नहीं दी गई और वीर की फैक्ट्री के नाम पर निर्माण कार्य शुरू किया गया। बाद में जब चिमनी लगाई गई तो ग्रामीणों को शक हुआ, और जानकारी करने पर खुलासा हुआ कि यह मेडिकल बायो वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट है।
इसके बाद से गांव में विरोध शुरू हो गया और पिछले एक महीने से ग्रामीण फैक्ट्री निर्माण के खिलाफ धरना दे रहे हैं। आज की महापंचायत में सभी वक्ताओं ने इस फैक्ट्री को प्रदूषण फैलाने वाला जहरीला प्लांट करार देते हुए इसे गांव में किसी भी हाल में नहीं चलने देने की बात दोहराई।
धरनारत ग्रामीणों ने बताया कि जब तक फैक्ट्री को तोड़कर पूरी तरह खत्म नहीं किया जाता, तब तक धरना जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत भी धरने पर पहुंचेंगे और आंदोलन को समर्थन देंगे।











Discussion about this post