मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन (तोमर) द्वारा जनपद मुज़फ्फरनगर के गांव रई में एक अहम पंचायत आयोजित की गई, जिसमें आगामी 10 जुलाई को रामपुर तिराहे पर हाईवे जाम करने का ऐलान किया गया। सभा का आयोजन किसान नेता राजपाल के आवास पर किया गया, जिसका संचालन चंदन त्यागी एवं अध्यक्षता अजय त्यागी ने की।
सभा में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी संजीव तोमर ने मंडी थाने में किसानों पर हुए लाठीचार्ज की तीव्र निंदा करते हुए कहा कि, “लगता है देश में किसान ही सबसे बड़ा शोषित वर्ग बनकर रह गया है। जो अन्नदाता पूरी मेहनत से देश का पेट भरता है, आज उसी पर बर्बरता की जा रही है। भाजपा सरकार जिसे किसानों ने सत्ता सौंपी, अब उसी सरकार के नुमाइंदे तालियाँ बजाकर लाठियाँ चलवा रहे हैं।”
उन्होंने बताया कि 2 जुलाई को ‘किसान सम्मान बचाओ महापंचायत’ में प्रशासन को 7 दिन का अल्टीमेटम दिया गया था, परंतु 5 दिन बीत जाने के बावजूद अभी तक दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
चौधरी संजीव तोमर ने गांव रई में मौजूद किसानों से आह्वान किया कि वे 10 जुलाई को दोपहर 12:30 बजे तक रामपुर तिराहे पर पहुँचें, जहां संगठन दोपहर 1 बजे हाईवे जाम करेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की, तो आंदोलन के लिए जिम्मेदार मुजफ्फरनगर प्रशासन और प्रदेश सरकार स्वयं होगी।
उन्होंने कोतवाल दिनेश बघेल पर भी कड़ी टिप्पणी करते हुए कहा कि, “ऐसे अधिकारियों की न समाज को आवश्यकता है और न ही खाकी को।” उन्होंने उनकी तत्काल बर्खास्तगी की माँग की।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से ज़िला अध्यक्ष निखिल चौधरी, पश्चिम यूपी प्रदेश अध्यक्ष रिहान चौधरी, हसीर शहजाद मलिक, नरेंद्र, अनिल, मनोज, सुशील भगत, हनी बालियान, सादिक, मुस्तफा, शानू, ईरशाद, सोनू, दीपक तोमर, आकिल, जाहिद सलमानी, जावेद, मोहम्मद अली मोमीन, जूनेद, इस्लाईल, अयूब नेताजी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।











Discussion about this post