मुजफ्फरनगर। जनपद के मीरापुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने 4 जुलाई को मीट व्यापारी रिहान से हुई लूट की घटना का खुलासा करते हुए चार शातिर लुटेरों को दबोच लिया है। पकड़े गए बदमाशों में दो — एजाज और नवाजिश — मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनके दो साथी सुहैल और शारिक को मौके से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके कब्जे से 90 हजार रुपये नगद, दो तमंचे, एक चाकू और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरोह के दो अन्य सदस्य अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हैं।
घटना का खुलासा करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ बदमाश मीरापुर क्षेत्र में किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए इलाके में घेराबंदी की। बिजनौर रोड पर प्रेम भोजनालय के पास संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने की कोशिश की गई तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश घायल हो गए और दो अन्य को गिरफ्तार कर लिया गया।
एसएसपी ने बताया कि यह वही गिरोह है जिसने मीट व्यापारी रिहान से 1 लाख 23 हजार रुपये की लूट की थी। रिहान के साथ गाड़ी में बैठे नवाजिश ने ही अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की साजिश रची थी। पीड़ित व्यापारी कारोबार से वसूली कर वापस लौट रहा था, तभी इस घटना को अंजाम दिया गया।
फरार चल रहे दो बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं। एसएसपी ने भरोसा दिलाया कि उन्हें भी शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।











Discussion about this post