नई दिल्ली : पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के संबंध बेहद तनावपूर्ण दौर से गुजर रहे हैं. भारत की ओर से संभावित सैन्य कार्रवाई से पाकिस्तान में हाई अलर्ट है. इस बीच पता चला है कि भारत के साथ युद्ध छिड़ने की स्थिति में पाकिस्तान सिर्फ चार दिन ही मैदान में टिक पाएगा, जिसकी एक बड़ी वजह यूक्रेन है.
रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान ने अपने रणनीतिक भंडार से बड़े पैमाने पर गोला-बारूद यूक्रेन को बेच दिए हैं. इससे पाकिस्तानी सेना के गोला-बारूद में काफी कमी आई है. नकदी संकट से जूझ रहे पाकिस्तान के पास सिर्फ चार दिन तक जंग लड़ने के योग्य ही हथियार बचे हैं. इनमें 155 मिमी के गोले या BM-21 सिस्टम के लिए 122 मिमी के रॉकेट भी शामिल हैं, जिन्हें यूक्रेन को बेच दिया गया है.
डिफेंस एक्सपर्ट्स का कहना है कि पाकिस्तान की यह स्थिति यूक्रेन को भारी मात्रा में हथियार बेचने और पाकिस्तान ऑर्डिनेंस फ्रैक्टरी (POF) की उत्पादन क्षमता कमजोर होने की वजह से बनी है. पाकिस्तान की सैन्य रणनीति मुख्य रूप से तोपों और बख्तरबंद गाड़ियों पर टिकी हुई है. इस स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दो मई को हुए विशेष कोर कमांडर्स सम्मेलन में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया गया था.











Discussion about this post