मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना कस्बे के कृष्णापुरी मोहल्ले में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना घटी, जब एक 10 वर्षीय स्कूली बच्चे पर पिटबुल नस्ल के कुत्ते ने जानलेवा हमला कर दिया। बताया गया है कि बच्चा रोज की तरह स्कूल जा रहा था, तभी अचानक मालिक के हाथ से छूटा पिटबुल कुत्ता उस पर झपट पड़ा।
कुत्ते ने बच्चे की टांग पकड़ ली और उसे घसीटने लगा। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े और लाठी-डंडों से हमला कर बड़ी मुश्किल से उसे कुत्ते के चंगुल से छुड़ाया। लेकिन तब तक पिटबुल उसकी टांग को बुरी तरह नोच चुका था और वह लहूलुहान हालत में जमीन पर पड़ा था।
स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल बच्चे को अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे गंभीर हालत में मेरठ और फिर दिल्ली के लिए रेफर कर दिया गया है। परिजनों ने बताया कि बच्चे की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बच्चे की टांग पर गहरे घाव साफ नजर आ रहे हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। हालांकि अब तक परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। इस घटना के बाद मोहल्ले में भारी दहशत का माहौल है और पिटबुल जैसे खतरनाक कुत्तों को लेकर लोगों में आक्रोश भी है।










Discussion about this post