मुजफ्फरनगर। थाना नई मंडी क्षेत्र के एक गांव से एक युवती के अपहरण का मामला सामने आया है। परिजनों ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि कुछ लोग युवती को घर के बाहर से जबरन उठा ले गए, जिसकी झलकियां सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई हैं।
परिजनों ने लगाया धर्म परिवर्तन का आरोप-
परिजनों ने आशंका व्यक्त की है कि युवती को दबाव डालकर किसी अन्य स्थान पर ले जाया गया है और उसके साथ जबरन धर्म परिवर्तन कराया जा सकता है। हालांकि, पुलिस ने अभी इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच कर रही है।
जल्द कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी-
परिजनों ने पुलिस अधीक्षक संजय वर्मा से जल्द से जल्द कार्रवाई करने और युवती को बरामद करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र गिरफ्तारी व बरामदगी नहीं होती है, तो समुदाय के लोग धरने पर बैठने का निर्णय ले सकते हैं।
इस मामले में यशवीराश्रम बघरा के पीठाधीश्वर स्वामी यशवीर सरस्वती महाराज ने भी कड़ी चेतावनी दी है कि यदि युवती की शीघ्र बरामदगी न हुई, तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
पुलिस जांच में जुटी, अफवाह न फैलाने की अपील-
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज की तकनीकी जांच के साथ संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी भी तरह की अफवाह फैलाने या सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने वाली गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।









Discussion about this post