मुजफ्फरनगर। कार्तिक मास के मौके पर 1 से 5 नवंबर तक मुजफ्फरनगर के शुक्र तीर्थ (शुक्रताल) में होने वाले कार्तिक पूर्णिमा मेले को सुरक्षित और शांतिपूर्ण बनाने के लिए पुलिस ने एक अनोखी पहल की है। गुरुवार को जिले के सभी 21 थानों में ग्रामीणों को बुलाकर पुलिस ने उन्हें शपथ दिलाई कि वे मेले के दौरान न तो शराब का सेवन करेंगे, न ही झोटा बुग्गी, बाइक या गाड़ी से स्टंट करेंगे और न ही अपने जानवरों को शराब पिलाकर दौड़ में हिस्सा लेने देंगे।
पुलिस का कहना है कि मेले के दौरान कई बार लोग शराब के नशे में अपने जानवरों को दौड़ाते हैं या स्टंट करते हैं, जिससे गंभीर दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए एसएसपी संजय कुमार वर्मा और अन्य अधिकारियों ने ऑनलाइन गोष्ठियों के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक किया और उन्हें शपथ दिलाई।
इससे पहले ककरौली थाना क्षेत्र में पुलिस ने 27 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया और दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया था, जिन्होंने शराब पिलाकर अपने जानवरों को दौड़ाने की कोशिश की थी। इन घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस ने बुग्गियों को जब्त किया, जबकि जानवर नशे में भाग खड़े हुए।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने कहा कि यह पहल केवल कानून लागू करने तक सीमित नहीं है, बल्कि आम जनता को मेले में सुरक्षित माहौल देने और पर्व को भव्य रूप से संपन्न कराने का प्रयास है। उन्होंने सभी से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि “हम चाहते हैं कि यह पवित्र मेला बिना किसी अप्रिय घटना के संपन्न हो और सभी श्रद्धालु इसे पूरी शांति और आनंद के साथ मनाएं।










Discussion about this post