शाहपुर। मुजफ्फरनगर के थाना शाहपुर क्षेत्र के गांव कुटबी में दलितों पर हुए उत्पीड़न के विरोध में शनिवार को दर्जनों दलित थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर घंटों वहां डटे रहे। पीड़ितों का आरोप है कि गांव के कुछ दबंग युवक लगातार उन्हें जातीय आधार पर प्रताड़ित कर रहे हैं, लेकिन पुलिस की निष्क्रियता के चलते उन्हें न्याय नहीं मिल पा रहा।
गांव कुटबी निवासी सुनील ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका पुराना विवाद गांव के अनुज नामक युवक से चल रहा है। सुनील के अनुसार, शनिवार को उसका बेटा शिवा जब स्कूल से लौट रहा था, तो अनुज का भाई अंकुश और उसका साथी काला उसे जबरन अपने घर में खींच ले गए और उसके सिर पर कांच की बोतल से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। लहूलुहान शिवा वहीं मौके पर ही बेहोश हो गया।
घटना की सूचना पर जब सुनील मौके पर पहुंचा तो आरोपियों ने उसके साथ भी गाली-गलौज करते हुए जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। सुनील ने पुलिस को बताया कि इससे पहले भी 26 जून को अनुज ने उसके साथ मारपीट कर जातीय टिप्पणी की थी, जिसकी उसने शिकायत दर्ज कराई थी। साथ ही 16 जुलाई की रात उसके घर पर अज्ञात लोगों ने फायरिंग भी की थी।
सुनील का आरोप है कि आरोपियों द्वारा उस पर पहले से दर्ज मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है और लगातार जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। इस उत्पीड़न से आक्रोशित दलित समाज के लोग थाने पहुंचे और दबंगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इस मामले में पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।










Discussion about this post