मुज़फ्फरनगर। अब तक खाने-पीने की चीज़ों में मिलावट की खबरें सामने आती रही हैं, लेकिन अब लोगों के स्वास्थ्य के साथ सीधा खिलवाड़ करने वाला एक चौंकाने वाला मामला मुज़फ्फरनगर में सामने आया है। पुलिस ने ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो एक्सपायरी और प्रतिबंधित खांसी के सिरप पर पुराने रैपर हटाकर नए फर्जी रैपर चिपकाकर उन्हें बाजार और खाड़ी देशों में बेचने की तैयारी कर रहा था।
नगर पुलिस अधीक्षक सत्य नारायण प्रजापति ने बताया कि पुलिस ने छापेमारी कर गिरोह के तीन सदस्यों-
शादाब अली, बबलू उर्फ तूफान सिंह, दीपक शर्मा को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है। पुलिस की मानें तो यह गिरोह लंबे समय से इस काम में सक्रिय था और भारी मुनाफा कमाने के लिए खाड़ी देशों में सिरप सप्लाई करने की योजना बना रहा था।
पुलिस ने मौके से की बरामदगी-
फैंसीडाइल कफ सिरप की 74 शीशियां 92 फर्जी रैपर शीट बरामद की हैं।
फैंसीडाइल सिरप आमतौर पर डॉक्टर की पर्ची पर ही मेडिकल स्टोर से मिलता है और इसकी मांग काफी ज्यादा रहती है।
खाड़ी देशों में सप्लाई की योजना-
गिरोह ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि वे इन सिरप को सऊदी अरब, यूएई, ओमान, ईरान और कुवैत जैसे खाड़ी देशों में भेजने की तैयारी कर रहे थे।
इन देशों में रेत और धूल अधिक उड़ने की वजह से लोगों को अक्सर खांसी की शिकायत रहती है। इस कारण वहां इन कफ सिरप की मांग बहुत ज़्यादा है। भारत से वहां जाने वाले लोग इन्हें ₹1000 से ₹1200 प्रति बोतल तक खरीद लेते हैं। जबकि भारत में एक्सपायरी के करीब पहुंच चुके सिरप को यह गिरोह सस्ते दाम पर मेडिकल स्टोरों से खरीद लेता था।
फर्जी रैपर से बनाते थे नया सिरप-
गिरोह के सदस्य पुराने या जल्द एक्सपायर होने वाले सिरप को बाजार से खरीदकर उनके रैपर उतार देते थे। इसके बाद नई तारीख वाले नकली रैपर चिपकाकर उन्हें ताज़ा प्रोडक्ट की तरह तैयार कर लिया जाता था। इन सिरपों को फिर भारी मुनाफे पर अन्य राज्यों और मेडिकल स्टोरों में बेचा जाता था।
पुलिस की कार्रवाई-
गिरफ्तार आरोपियों के पास से कोई वैध दस्तावेज़ नहीं मिला। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और यह भी जांच कर रही है कि गिरोह का नेटवर्क किन-किन मेडिकल स्टोरों से जुड़ा हुआ है।
नगर पुलिस अधीक्षक सत्य नारायण प्रजापति ने कहा-
“लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ जारी है और जल्द ही गिरोह के बाकी सदस्यों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।










Discussion about this post