मुजफ्फरनगर। बीती देर रात क्षेत्र में हुए एक गंभीर सड़क हादसे के बाद रामराज पुलिस हाई अलर्ट पर है और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सख्त रुख अपना रही है। पुट्ठी इब्राहिमपुर गाँव के पास हाल ही में हुए एक हादसे के बाद प्रशासन के निर्देश पर यह विशेष अभियान चलाया गया है, जिसमें गन्ने से लदे एक ओवरलोड ट्रक ने दो युवकों की कार को कुचल दिया था, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
थाना प्रभारी रवेन्द्र सिंह यादव के नेतृत्व में रामराज पुलिस ने रविवार को पूरे दिन विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान ओवरलोड वाहनों, गलत तरीके से चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली, ट्रक और असुरक्षित रूप से सामान ढोने वाले वाहनों को निशाना बनाया गया।
थाना प्रभारी रवेन्द्र सिंह यादव ने बताया कि अभियान के दौरान पाँच ओवरलोड वाहनों के चालान काटे गए और उनके विरुद्ध मुकदमे दर्ज किए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क हादसों को रोकने और क्षेत्र में जन सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।
पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि ओवरलोडिंग के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं, जिनमें कई लोगों की जान चली जाती है। पुलिस की सक्रियता से लोगों में अब सुरक्षा को लेकर विश्वास बढ़ा है।










Discussion about this post