मुजफ्फरनगर। नगर कोतवाली पुलिस ने एक शातिर ठग नौशाद त्यागी उर्फ रिक्की उर्फ राहुल त्यागी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने फर्जी पुलिस बनकर महिलाओं को ठगने का काम किया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसके 18 से 20 गर्लफ्रेंड हैं और 10 महिलाओं से शारीरिक संबंध भी थे।
पुलिस के अनुसार, नौशाद ने एक महिला को शादी का झांसा देकर 2 लाख 75 हजार रुपये नगद और 3 लाख रुपये से अधिक के जेवर हड़प लिए। आरोपी पुलिस की वर्दी पहनकर महिलाओं को रौब दिखाता था और कई महिलाओं को ठगा।
थाना कोतवाली नगर पुलिस ने आरोपी को चरथावल रोड से दबोचा। उसके कब्जे से पुलिस की वर्दी, बैज और अन्य सामान बरामद हुआ। पूछताछ में नौशाद ने कई महिलाओं के साथ धोखाधड़ी और आपत्तिजनक फोटो-वीडियो बनाए जाने की बात कबूल की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि नौशाद ने अपना नाम राहुल त्यागी रख लिया था और पुलिसकर्मी होने का झांसा देता था। आरोपी का कनेक्शन असम, मेघालय, गाजियाबाद, मथुरा, संभल और मुजफ्फरनगर से मिला है। वह खासतौर पर अकेली या विधवा महिलाओं को टारगेट करता था।
पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है और अन्य महिलाओं से भी पूछताछ की जाएगी।











Discussion about this post