मुजफ्फरनगर। जिला बार संघ द्वारा घोषित प्रस्तावित बंद को लेकर जिले में हलचल तेज हो गई है। मंगलवार को शिवसेना ने अधिवक्ताओं के इस आंदोलन को अपना पूर्ण समर्थन देने का औपचारिक ऐलान कर दिया है। शिवसेना पदाधिकारियों ने न केवल समर्थन का वादा किया, बल्कि बार संघ के सचिव को लिखित समर्थन पत्र भी सौंपा।
मुख्य बातें-
बैठक में बनी रणनीति: प्रकाश चौक स्थित कार्यालय पर सहारनपुर मंडल अध्यक्ष शरद कपूर की अध्यक्षता में शिवसेना की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें निर्णय लिया गया कि कल (बुधवार) होने वाले ‘मुजफ्फरनगर बंद’ को सफल बनाने के लिए शिवसैनिक पूरी ताकत झोंक देंगे।
व्यापारियों से करेंगे अपील: शिवसेना नेता बिट्टू सिखेड़ा ने स्पष्ट किया कि पार्टी के कार्यकर्ता कल सुबह से ही मैदान में उतरेंगे। वे बाजारों में जाकर व्यापारियों और आम जनता से अधिवक्ताओं की न्यायसंगत मांगों के समर्थन में दुकानें बंद रखने की अपील करेंगे।
बार संघ को सौंपा समर्थन पत्र: बैठक के बाद निकुंज चौहान के संचालन में पदाधिकारी सामूहिक रूप से कचहरी पहुंचे। वहाँ चल रही बार संघ की बैठक के बीच शिवसेना नेताओं ने सचिव को अपना समर्थन पत्र सौंपकर एकता का संदेश दिया।
अधिवक्ताओं की मांग को बताया जायज: शिवसेना नेताओं का कहना है कि वकीलों की लड़ाई न्याय और व्यवस्था को सुधारने की है, और इस सामाजिक लड़ाई में शिवसेना हमेशा उनके कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रहेगी।
मौजूद रहे प्रमुख चेहरा-
इस दौरान शरद कपूर, बिट्टू सिखेड़ा, सुरेंद्र शर्मा, निकुंज चौहान, मुकुल, रोहित धीमान, अवनीश कुमार पाल, चेतन देव आर्य और अन्य कार्यकर्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।










Discussion about this post