मुजफ्फरनगर। समाजवादी पार्टी ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कमर कस ली है। पुरकाजी विधानसभा क्षेत्र में पार्टी की रणनीति तय करने के लिए महावीर चौक स्थित जिला कार्यालय पर एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सपा जिलाध्यक्ष जिया चौधरी ने की, जबकि प्रदेश सचिव एवं पुरकाजी प्रभारी जयपाल सिंह सैनी ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से सीधी बातचीत कर चुनावी तैयारियों की समीक्षा की।
जयपाल सिंह सैनी ने बैठक में मौजूद सेक्टर व जोन प्रभारियों के साथ संगठन की सक्रियता पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पश्चिमी उत्तर प्रदेश की 108 विधानसभाओं में जीत सुनिश्चित करने के उद्देश्य से हर सीट पर प्रभारी नियुक्त कर चुकी है। खासतौर से पुरकाजी सीट पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, क्योंकि पिछली बार गठबंधन से जीते प्रत्याशी अनिल कुमार अब भाजपा समर्थित संगठन में शामिल हो चुके हैं। ऐसे में 2027 के चुनाव में उनके खिलाफ एक दमदार उम्मीदवार उतारा जाएगा।
उन्होंने कहा कि “हम यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि पहले किन कारणों से हम हारे और अब किस रणनीति से जीत हासिल की जा सकती है। पुरकाजी में अनिल कुमार की मौजूदगी चुनौती है लेकिन समाजवादी कार्यकर्ता पूरी ताकत से मैदान में हैं।”
बैठक में हाल ही में खतौली की एक सभा में हुए विवाद पर भी सफाई दी गई। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर जिलाध्यक्ष जिया चौधरी ने कहा कि “हमारी पार्टी लोकतांत्रिक व्यवस्था में विश्वास रखती है। सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है। ऐसे में यदि कोई असहमति सामने आई है, तो यह पार्टी की खुली सोच का प्रमाण है, न कि कोई विवाद।”
जिया चौधरी ने स्पष्ट किया कि पार्टी में अनुशासन सर्वोपरि रहेगा। उन्होंने कहा, “जो लोग पार्टी में रहकर भी अनिल कुमार के साथ दिखाई दे रहे हैं, उन्हें चिन्हित किया जाएगा और संगठन से बाहर किया जाएगा। वहीं, जो नए कार्यकर्ता समाजवादी पार्टी से जुड़ना चाहते हैं, उन्हें संगठन में स्थान मिलेगा।”
इस अहम बैठक के बाद पुरकाजी विधानसभा में चुनावी समीकरणों को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। अब सबकी निगाहें इस पर टिकी हैं कि 2027 में अनिल कुमार के खिलाफ सपा का प्रत्याशी कौन होगा और यह टक्कर कितनी रोचक होगी।











Discussion about this post