मुजफ्फरनगर। जनपद मुजफ्फरनगर में तेज रफ्तार एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। थाना छपार क्षेत्र के बरला-बसेड़ा मार्ग पर रविवार सुबह एक तेज रफ्तार i20 कार पेड़ से जा टकराई, जिससे कार में सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हृदयविदारक हादसा उस वक्त हुआ जब दोनों युवक देवबंद से भोपा थाना क्षेत्र के वजीराबाद स्थित रिश्तेदारी में जा रहे थे।
बताया गया कि हादसे में जान गंवाने वाला युवक आरिश (पुत्र अरशद, उम्र 20 वर्ष) निवासी गांव रठाल, थाना देवबंद, जनपद सहारनपुर का रहने वाला था। उसका साथी नाजिश (पुत्र इरशाद) गंभीर रूप से घायल हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार, तेज रफ्तार से आ रही कार बरला-बसेड़ा मार्ग स्थित एक स्कूल के सामने अचानक नियंत्रण खो बैठी और पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही छपार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल भिजवाया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने आरिश को मृत घोषित कर दिया, जबकि नाजिश का इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचते ही शव को बिना किसी पुलिस प्रक्रिया के अपने साथ ले गए। फिर भी पुलिस घटना की जानकारी जुटाकर आवश्यक जांच में जुट गई है।
यह हादसा एक बार फिर इस बात की चेतावनी है कि तेज रफ्तार ना केवल जान के लिए खतरा है, बल्कि परिवारों को भी गहरे दुःख में डुबो देती है।











Discussion about this post