मुजफ्फरनगर : गर्लफ्रेंड को खुश करने और अपने शौक पूरे करने के लिए लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले तीन शातिर लुटेरों को मंसूरपुर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। तीनों के पैरों में गोली लगी है और अब उन्हें जेल भेजने की प्रक्रिया चल रही है।
यह मामला छपार और पुरकाजी थाना क्षेत्र में हुई ताबड़तोड़ लूट की घटनाओं के बाद सामने आया, जब जांच में पता चला कि यह गिरोह रुड़की, मंगलौर तक लूट की वारदातें करके भागा था। आरोपियों के पास से पुलिस ने सोने की चेन, महिला का पर्स, नकदी, मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पासबुक और लूट में इस्तेमाल की गई अवैध असलाह समेत चोरी की वैगनआर कार बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय वर्मा ने बताया कि इन लुटेरों ने करीब 6 से 7 लूट की वारदातें अंजाम दी थीं। मंगलवार सुबह 5 बजे से दोपहर तक उन्होंने छपार, पुरकाजी और उसके बाद उत्तराखंड में भी लूटपाट की। सूचना मिलते ही पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत लगे 60 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों को ट्रैक किया और शामली के रास्ते में मुठभेड़ के दौरान पकड़ लिया।
गिरफ्तार बदमाशों की पहचान राजेश, अभि कुमार और साहिल के रूप में हुई है। तीनों दिल्ली में रहते हैं। राजेश ओयो होटल में काम करता है, अभि कुमार ड्राइवरी और परचून की दुकान चलाता है जबकि साहिल जोमैटो डिलीवरी ब्वॉय है। तीनों के खिलाफ पहले से भी अलग-अलग राज्यों में आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
एसएसपी ने बताया कि इस गिरोह ने जिस कार का इस्तेमाल किया, वह 24 अप्रैल को गुड़गांव से चोरी हुई थी और इस पर केस भी दर्ज है। बदमाश वारदातों को अंजाम देकर गर्लफ्रेंड को महंगे गिफ्ट और पैसे देने के लिए लूट करते थे। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और उन्हें जल्द ही जेल भेजा जाएगा।











Discussion about this post