मुजफ्फरनगर के खतौली थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और गोकशी के आरोपी इरफान के बीच मुठभेड़ हो गई। तहसील कट रजवाहा पुल के पास हुई इस मुठभेड़ में इरफान घायल हो गया। खतौली थाने से गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहे इरफान पर गोकशी से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय वर्मा के निर्देश पर चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस तहसील कट के पास बैरियर लगाकर वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर आ रहे एक व्यक्ति को रुकने का इशारा किया गया। वह पीछे मुड़कर भागने लगा और कुछ दूर जाकर उसकी बाइक फिसल गई। पुलिस ने घेराबंदी की तो इरफान ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी।
मौके से पुलिस ने एक बाइक, एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस व एक खोखा कारतूस बरामद किया। घायल इरफान को खतौली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। क्षेत्राधिकारी खतौली रामाशीष यादव के अनुसार, इरफान लंबे समय से इलाके में गोकशी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय था। पुलिस अब उसके अन्य आपराधिक मामलों की जानकारी जुटा रही है।










Discussion about this post