मुज़फ़्फ़रनगर : मुजफ्फरनगर में प्रेमी के ब्लैकमेल करने से परेशान होकर एक युवती ने जहरीला पदार्थ पी लिया। हालत बिगड़ने पर उसे मेरठ में उपचार दिलाया गया। आरोप है कि परिजन युवती के साथ अस्पताल में थे, तभी आरोपी पक्ष के लोगों ने उनके घर पर पहुंच कर युवती के चाचा से मारपीट कर दी।
सरवट क्षेत्र निवासी एक युवती का युवक कैफ के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। कुछ दिन पहले उनमें मनमुटाव हो गया था। इसके बाद भी आरोपी युवती पर मिलने का दबाव बना रहा था, जबकि युवती उससे बात नहीं करना चाहती थी।
इस बारे में साकेत पुलिस चौकी में शिकायत की गई थी। तब पंचायत में आरोपी पक्ष के लोग माफी मांग कर चले गए थे, लेकिन युवक नहीं माना। इससे परेशान होकर युवती ने जहरीला पदार्थ पी लिया। परिजन उसे उपचार के लिए मेरठ ले गए।
आरोप है कि परिजन अस्पताल में थे। घर पर पीड़िता का चाचा शाहजेब अकेला था। आरोपियों ने घर पहुंच कर उसके साथ मारपीट की। यह पता चलने पर परिजनों ने सिविल लाइन थाने में शिकायत की। परिजनों ने पुलिस से कहा कि उनकी बेटी को कुछ भी हुआ तो उसका जिम्मेदार कैफ होगा। परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी।
सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी, उसके पिता आबाद, परिवार की महिला नाजमा, उजमा, नेहा व तीन अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। थाना पुलिस ने बताया कि आरोपी युवक व उसके पिता को गिरफ्तार कर शांति भंग की आशंका में चालान कर दिया है।











Discussion about this post