मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में नई मंडी कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मंगलवार देर रात एटूजेड रोड पर पुलिस मुठभेड़ में दो कुख्यात बदमाशों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें से एक गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उनके कब्जे से अवैध हथियार और एक बाइक बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार 19 मार्च को देर रात पुलिस टीम एटूजेड रोड पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध व्यक्तियों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वे पुलिस पर फायरिंग करते हुए तेजी से भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया, जिसके बाद बदमाशों की मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। इसके बाद तीनों अभियुक्त मोटरसाइकिल छोड़कर जंगल की ओर भागने लगे और पुलिस पर गोलीबारी जारी रखी।
पुलिस ने बदमाशों को आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन जब इसका कोई असर नहीं हुआ तो आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की गई। इस दौरान एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरे को कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। तीसरा आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश के लिए पुलिस टीम कॉम्बिंग कर रही है।
इससे पहले उसी दिन 19 मार्च को ग्राम कूकड़ी ग्राउंड के पास हुई एक अन्य मुठभेड़ में पुलिस ने तीन शातिर गौकश आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उस कार्रवाई में अवैध शस्त्र, गौकशी के उपकरण, दो गोवंश और एक पिकअप गाड़ी बरामद की गई थी। उस घटना में भी तीन बदमाश फरार हो गए थे। इन तीन फ़रार बदमाशों में से ही ये दो बदमाश बीती रात की मुठभेड़ में पकड़े गए हैं।
घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पकड़े गए बदमाशों के कब्ज़े से एक तमंचा, एक कारतूस और 2 खोखा, एक चाकू एवं एक मोटरसाइकिल (बिना नंबर प्लेट) बरामद करने का दावा किया है।
इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम में थाना नई मंडी के प्रभारी निरीक्षक दिनेशचंद बघेल, उपनिरीक्षक राजकुमार बालियान, ओमप्रकाश सिंह सहित हेड कांस्टेबल संदीप कुमार, सुशील कुमार और अन्य कांस्टेबल शामिल थे।










Discussion about this post