मुजफ्फरनगर। शहर के कृष्णापुरी मोहल्ला निवासी एक युवती को घर बैठे टास्क पूरा कर मुनाफा कमाने का झांसा देकर एक लाख 93 हजार रुपये की ठगी कर ली गई। पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के कृष्णापुरी निवासी अंशिका निर्वाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके व्हाट्सएप पर एक अज्ञात व्यक्ति का टेलीग्राम से मैसेज का लिंक आया। लिंक क्लिक किया तो टेलीग्राम का पेज खुल गया, जिसमें कुछ टास्क आये। उन्हें पूरा करके घर बैठे आय होने का लालच दिया गया।
मैसेज भेजने वाले के कहने पर पीड़िता ने अथिरा सिंह से संपर्क किया। अथिरा सिंह ने पूंजी निवेश कर घर बैठे लाभ का लालच देकर उसे अपने जाल में फंसा लिया। उससे कई बार में 1 लाख 93 हजार रुपये विभिन्न खातों में जमा करा लिए गए। जब उसने रुपये वापस मांगे तो उसे रुपये वापस नहीं दिए, बल्कि और भी रुपये जमा करने को कहा गया।
इसके बाद पीड़िता को ठगी का अहसास हुआ। खालापार थाना पुलिस का कहना है कि धोखाधड़ी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच शुरू कर दी है।
ठगी से बचने को यह बरतें सावधानी-
– किसी के लालच में न आएं।
– मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर ठगा जाता है।
– साइबर अपराधी लिंक भेजकर फंसाते हैं।
– आनलाइन काम करने से पहले सोच विचार करें।
साइबर अपराधी लालच देकर फंसा कर ठगी करते हैं। ऑनलाइन कार्य, घर बैठे कार्य कर मोटा मुनाफा कमाने के लालच में न आएं। ठगी होने पर साइबर थाने, क्षेत्रीय थाने, 1930 पर तुरंत सूचना दें ताकि पुलिस कार्रवाई शुरू कर सकें।- सत्य नारायण प्रजापत, एसपी सिटी।










Discussion about this post