मुजफ्फरनगर। जनपद के रामराज थाना क्षेत्र स्थित टिकोला शुगर मिल में एक कर्मचारी के साथ हुई मारपीट के सनसनीखेज मामले ने तूल पकड़ लिया है। मिल के तौल लिपिक (वेमेंट क्लर्क) तुषार की बेरहमी से पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
मिल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में यह पूरी घटना कैद हो गई, जिसके फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इन फुटेज में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि किस प्रकार कुछ लोग तुषार के साथ मारपीट कर रहे हैं। इस हमले में तुषार को काफी चोटें आई हैं, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनका इलाज किया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आई। उन्होंने वायरल सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है और जांच शुरू कर दी है। पीड़ित तुषार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने हासिमपुर गांव निवासी नितिन और उसके साथ आए लगभग छह अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
अभी तक मारपीट के पीछे के कारणों का पूरी तरह से खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी और उनसे पूछताछ के बाद ही घटना के असली कारण सामने आ पाएंगे।
सीओ जानसठ यतेंद्र नागर ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि रामराज थाना क्षेत्र की टिकोला शुगर मिल में कर्मचारी से मारपीट हुई थी। उन्होंने बताया कि इस घटना का संज्ञान लेते हुए तुरंत ही मामला दर्ज कर लिया गया है और घायल कर्मचारी को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मेडिकल रिपोर्ट और उपलब्ध सभी सबूतों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मिल के अन्य कर्मचारियों में इस घटना को लेकर नाराजगी है।










Discussion about this post