मुजफ्फरनगर। सिर्फ 18 साल में लविश चौधरी बेगराजपुर में गणित, भौतिक और रसायन विज्ञान के शिक्षक से दुबई में यूपी नबाब बन गया। दुबई क्रिकेट लीग में टीम उतारी। कबड्डी का प्रदर्शनी मैच कराया। बॉलीवुड की हस्तियों से लेकर नामचीन क्रिकेटरों से मुलाकात और शान शौकत निवेशकों को लुभाती है।
असल में साल 2008 में लविश ने बेगराजपुर में कोचिंग सेंटर भी चलाया था। गणित, रसायन और भौतिक विज्ञान की कोचिंग दी जाती थी। बाद में यह सेंटर पेपर आउट कराने के लिए बदनाम भी हुआ। इसके बाद वह कंपनियों में निवेश कराने लगा। क्यूएफएक्स के अलावा अन्य कंपनियों के नाम से निवेश कराया जा रहा है। अकेले मुजफ्फरनगर में ही 20 से ज्यादा एजेंट लोगों को निवेश के लिए प्रेरित करते हैं। पिछले साल दुबई में हुई क्रिकेट लीग में लविश ने यूपी नवाब से क्रिकेट टीम उतारी थी।
उसके भाई साजिद का शहर से अपहरण होने का मुकदमा दर्ज कराया गया था, वह भी इन दिनों परिवार के साथ दुबई में ही डेरा जमाए है। सोशल मीडिया के जरिए शान शौकत के वीडियो वायरल कराकर लोगों को लुभाने का काम किया जा रहा है।
सुजडू का बादशाह राना दायां हाथ : शहर से सटे सुजडू के सबसे अधिक लोगों ने निवेश किया है। इसकी वजह यह बताई जा रही है कि यहां का बादशाह राना दुबई में लविश की टीम का अहम हिस्सा है। उसकी शान शौकत देखकर भी यहां के लोग लगातार निवेश कर रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि पिछले दो साल में सिर्फ एक प्रकरण को छोड़कर किसी ने शिकायत तक दर्ज नहीं कराई।
इस तरह भी किया जा रहा निवेश : अमीर बनने की ख्वाहिश में कुछ लोगों ने होम लोन लेकर भी लविश की कंपनी में निवेश कर दिया है। इसके अलावा जमीन बिकने के बाद मिले रुपये भी कंपनी में निवेश किए गए। निवेश में सिर्फ सीधे-साधे आदमी ही नहीं, बल्कि पुलिसवाले और अधिकारी भी बताए जा रहे हैं। ईडी की छापेमारी होते ही निवेशक बेचैन हैं और एजेंट दुबक गए हैं। शहर में 20 से ज्यादा एजेंट लोगों से निवेश कराते हैं।
ढाई सौ करोड़ का मामला, तहरीर का इंतजार कर रही पुलिस : अलग-अलग कंपनियों में करीब ढाई सौ करोड़ रुपये के निवेश का मामला गूंज रहा है। ईडी जांच में जुटी है, लेकिन पुलिस अभी तहरीर का इंतजार कर रही है। पुलिस के पास निवेश की जानकारी पहुंच रही है, लेकिन एजेंटों की तलाश नहीं की गई। एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत का कहना है कि तहरीर मिलते ही जांच और तलाश कराई जाएगी।











Discussion about this post