मुजफ्फरनगर: शादी की पहली सालगिरह पर जिस दिन घर में खुशियां होनी चाहिए थी, उस दिन पूनम के अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी। गर्ग हॉस्पिटल में उपचार के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी मौत हो गई, जिससे गुस्साए परिजनों ने अस्पताल में हंगामा कर दिया।
लोगों ने अस्पताल पर दर्द से कराह रही महिला के साथ मारपीट और लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में तोड़फोड़ की। स्टाफ ने खुद को अंदर बंद कर लिया, जबकि गम और गुस्से से भरा परिवार पूनम के शव के साथ धरने पर बैठ गया।
शादी की पहली सालगिरह पर मौत खतौली के गांव पलड़ी निवासी 23 वर्षीय पूनम की शादी ठीक एक साल पहले 2 मार्च 2024 को भोपा थाना क्षेत्र के गांव निरगाजनी निवासी सुमित के साथ हुई थी। परिजन इस दिन को खास बनाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन किसे पता था कि यह दिन मातम में बदल जाएगा।
बेटी को दिया जन्म 28 फरवरी को प्रसव पीड़ा होने पर पूनम को नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गर्ग हॉस्पिटल एडवांस मैटरनिटी एंड सर्जिकल स्टोन सेंटर में भर्ती कराया गया था। उसी रात उसने ऑपरेशन से एक बेटी को जन्म दिया, लेकिन तीन दिन बाद उसकी मौत हो गई।
‘डॉक्टरों ने मेरी पत्नी को पीट-पीटकर मार डाला’: पूनम की मौत से सदमे में उसके पति सुमित ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उसने दावा किया कि जब भी पूनम दर्द की शिकायत करती थी, तो डॉक्टर और स्टाफ उसे पीटते थे।
परिजनों ने किया हंगामा, अफरातफरी पूनम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं अस्पताल पहुंच गईं। कुछ ही देर में अस्पताल के बाहर मातम और गुस्से का माहौल बन गया। लोगों ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
परिजन धरने पर बैठ गए परिजन पूनम के शव के साथ अस्पताल गेट पर धरने पर बैठ गए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे।
‘जब तक हमें न्याय नहीं मिलेगा, हम यहां से नहीं जाएंगे!’ गुस्साए परिजनों ने कहा कि जब तक अस्पताल प्रशासन और डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, तब तक वे धरना जारी रखेंगे।
पुलिस ने संभाला मोर्चा सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझाने की कोशिश की और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। फिलहाल पूनम की मौत को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। क्या यह अस्पताल की लापरवाही थी? क्या वाकई डॉक्टरों ने उसकी पिटाई की थी? या फिर यह कोई सोची-समझी साजिश थी?











Discussion about this post