गाजियाबाद : गाजियाबाद के टीला मोड़ थाना क्षेत्र में रहने वाली 12वीं की छात्रा के साथ उसके ट्यूशन टीचर ने डेढ़ साल पहले ट्यूशन के दौरान छेड़छाड़ और दुष्कर्म किया था। छात्रा ने पढ़ाई के डर से उस वक्त किसी को कुछ नहीं बताया। अब जब आरोपी ट्यूशन टीचर ने छात्रा की आपत्तिजनक फोटो अपने सोशल मीडिया स्टेटस पर पोस्ट की तो परिजनों को घटना की जानकारी हुई।
परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। टीला मोड़ थाना क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति ने 28 फरवरी को इस संबंध में पुलिस से शिकायत की थी। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी पिछले दो साल से इलाके की एक सोसाइटी में वैभव शर्मा नाम के व्यक्ति से ट्यूशन पढ़ने जा रही थी।
कुछ दिन पहले उसने टीचर के सोशल मीडिया अकाउंट के स्टेटस पर अपनी बेटी की आपत्तिजनक फोटो पोस्ट देखी। पहले तो उसे यकीन नहीं हुआ। बेटी से पूछने पर पता चला कि ट्यूशन टीचर ने करीब डेढ़ साल पहले भी उसके साथ छेड़छाड़ की थी, लेकिन पढ़ाई के चलते उसकी बेटी ने इस बारे में किसी को नहीं बताया। मामले की सच्चाई जानने के बाद छात्रा के पिता ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
टीला मोड़ पुलिस के अनुसार जांच में पता चला है कि आरोपी वैभव शर्मा मूल रूप से मेरठ जिले के मेडिकल थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर का रहने वाला है। उसका नौ साल का बेटा भी है और करीब पांच साल पहले उसका पत्नी से तलाक हो गया था। तब से वह यहीं रहकर बच्चों को ट्यूशन पढ़ा रहा था।
एसीपी शालीमार गार्डन सलोनी अग्रवाल ने बताया कि शिकायत मिलते ही मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।











Discussion about this post