गाजियाबाद। जिले की ओरा काईमोरा सोसायटी में एक महिला की उसके किरायेदारों द्वारा हत्या का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। मृतका दीपशिखा (48), जो एक निजी स्कूल में शिक्षिका थीं, अपने किरायेदार से 5 महीने का बकाया किराया (लगभग 90 हजार रुपये) मांगने गई थीं।
प्रेशर कुकर से हमला और गला घोंटकर हत्या-
पुलिस के अनुसार, दीपशिखा बुधवार रात करीब 8 बजे अजय गुप्ता और उसकी पत्नी आकृति के फ्लैट पर पहुंची थीं। वहां किराये को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि अजय और आकृति ने उन पर हमला कर दिया। बचाव में जब दीपशिखा ने अजय के हाथ पर काटा, तो आकृति ने दुपट्टे से उनका गला खींच दिया। इसी दौरान अजय ने रसोई से प्रेशर कुकर का ढक्कन लाकर दीपशिखा के सिर पर दे मारा और फिर दोनों ने मिलकर उनका गला घोंट दिया।
सूटकेस में लाश छिपाकर बेड के नीचे रखा-
हत्या के बाद आरोपी दंपती ने साक्ष्य छिपाने के लिए दीपशिखा के शव को एक लाल रंग के बड़े सूटकेस में ठूंस दिया और उसे अपने ही बेड के नीचे छिपा दिया।
घरेलू सहायिका की सतर्कता से खुला राज-
जब दीपशिखा काफी देर तक घर नहीं लौटीं, तो उनकी घरेलू सहायिका मिनी को शक हुआ। वह अजय के फ्लैट पर पहुंची और पूछताछ की। संदेह होने पर उसने परिजनों को बुलाया। जब घर की तलाशी ली गई, तो बेड के नीचे सूटकेस में दीपशिखा का शव बरामद हुआ, जिसे देख सबके होश उड़ गए।
आरोपी दंपती गिरफ्तार-
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ट्रांसपोर्टर अजय गुप्ता और उसकी पत्नी आकृति गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही की जा रही है।











Discussion about this post