मुजफ्फरनगर: पंजाब के किसान नेताओं जगजीत सिंह डल्लेवाल और सरवन सिंह पंधेर को हिरासत में लिए जाने के मामले पर अब सियासत शुरू हो गई है। किसान नेता राकेश टिकैत ने पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि हमारी लड़ाई केंद्र सरकार के खिलाफ थी, लेकिन राज्य सरकार तो बेवजह ही कूद गई। जो भी किसान गिरफ्तार किए गए हैं, उन्हें जल्द से जल्द छोड़ा जाए। टिकैत ने यह भी कहा कि किसान संगठन टूट रहे हैं और नए संगठन बन रहे हैं। इससे भी बहुत नुकसान हो रहा है। अभी किसानों के और भी नए संगठन बनेंगे।
राकेश टिकैत ने कहा- ‘किसान संगठन बंटे हुए हैं। बहुत नए किसान संगठन बन गए हैं। सरकार उनको प्रोत्साहन दे रही है। हर जिले के अधिकारी संगठन को तोड़ने में लगे हुए हैं। ये एक नई पॉलिसी है। किसान पूरी तरह भ्रमित हो रहा है। दूसरा इसमें खाप पंचायत का बड़ा समर्थन रहता था। अब सरकारी खाप पंचायतें बन रही हैं। खाप पंचायतों को भी तोड़ा जा रहा है।’
बता दें कि हरियाणा पुलिस ने गुरुवार सुबह विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे किसानों की आवाजाही को प्रतिबंधित करने के लिए लगाए गए कंक्रीट के बैरिकेड्स हटाना शुरू किया। इससे पहले बुधवार को पंजाब पुलिस ने देर शाम धरना स्थल को खाली करा दिया और अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे किसानों को हटा दिया।
इसके साथ ही प्रमुख किसान नेताओं जगजीत सिंह डल्लेवाल और सरवन सिंह पंधेर को हिरासत में ले लिया गया। किसान नेता शंभू बॉर्डर की ओर जा रहे थे, लेकिन मोहाली में पंजाब पुलिस ने उनके काफिले को रोक लिया, जहां उन्हें हिरासत में ले लिया गया।











Discussion about this post