मुजफ्फरनगर। थाना नई मंडी क्षेत्र के गांव कूकड़ा निवासी पीड़ित महिलाओं ने सोमवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचकर नई मंडी पुलिस पर एकपक्षीय कार्रवाई का आरोप लगाया। महिलाओं ने एसएसपी से न्याय और निष्पक्ष जांच की मांग की।
पीड़िता बिलकिस ने बताया कि 13-14 अगस्त को उनके घर में लड़की की शादी थी, जिसके चलते घर पर मेहमान भी मौजूद थे। इसी दौरान गांव के ही कुछ दलित समाज के युवक गली में शराब पीने लगे। जब उन्हें मना किया गया, तो उन्होंने गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी।
बिलकिस ने आरोप लगाया कि इस घटना के बाद पुलिस ने दलित पक्ष की तहरीर पर उनके परिवार के 20 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया, जिनमें से चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। जबकि हमारी ओर से दी गई शिकायत पर कोई सुनवाई नहीं हुई और अब तक एफआईआर तक दर्ज नहीं की गई है।
पीड़ित महिलाओं का कहना है कि जब भी वे थाना नई मंडी जाती हैं, तो उन्हें पुलिस चौकी भेज दिया जाता है, और चौकी वाले उन्हें फिर थाने भेज देते हैं। लगातार चार-पांच दिन से चक्कर कटवाए जा रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
महिलाओं ने एसएसपी से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि अगर उन्हें न्याय नहीं मिला, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगी।










Discussion about this post