मुजफ्फरनगर। गांधी कॉलोनी स्थित राम मंदिर में मंगलवार को भव्य शोभायात्रा के साथ श्रीमद्भागवत महापुराण कथा का विधिवत शुभारंभ हुआ। कथा आयोजन से पूर्व 108 सुहागिन महिलाओं ने मंगल कलश सिर पर धारण कर सिद्धपीठ वैष्णो देवी मंदिर से नंगे पांव शोभायात्रा निकाली।
रिमझिम बारिश और भक्ति के उल्लास के बीच श्रद्धालु बैंड-बाजे की धुन पर झूमते हुए निकले। शोभायात्रा में आचार्य गंगोत्री तिवारी मृदुल जी महाराज को रथ पर विराजमान किया गया और घोड़े पर सवार होकर सनातन धर्म का ध्वज फहराया गया। यह शोभायात्रा नगर की कई प्रमुख गलियों से गुजरते हुए कथा स्थल तक पहुंची।
कथा का शुभारंभ काशी से पधारे पूज्य श्री गंगोत्री तिवारी मृदुल जी महाराज के पावन सान्निध्य में हुआ। उन्होंने श्रीमद्भागवत महापुराण की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि यह ग्रंथ मानव जीवन का दर्पण है, जो हमें आत्ममंथन कर धर्ममार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि कैसे धुंधकारी, जो वेश्याओं और मद्यपान में लिप्त होकर पथभ्रष्ट हो गया था, वह भी इस कथा के श्रवण मात्र से उद्धार प्राप्त कर सका।
मृदुल जी महाराज ने यह भी बताया कि भाद्रपद मास भगवान श्रीकृष्ण को अत्यंत प्रिय है और इस माह में श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करने से अनंत गुना पुण्य प्राप्त होता है।
कार्यक्रम का शुभारंभ अखिल भारतीय गौ रक्षा वाहिनी गौ सेवा संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत मेरठ प्रांत के उपाध्यक्ष तथा प्रतिष्ठित समाजसेवी अमरीश गोयल व उनकी धर्मपत्नी रीना गोयल द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। वहीं, हरी मोहन गर्ग व रजनी गर्ग ने सपत्नीक व्यासपीठ का पूजन किया।
इस शुभ अवसर पर छाया शर्मा, अर्चना शर्मा, पारुल मित्तल, काजल शर्मा, रश्मि गोयल, रिंकी यादव, पूनम शुक्ल, धीरज शुक्ल, सचिन शर्मा, विपिन शर्मा, राधेश्याम गोयल, राधेश्याम सैनी, अनिल गर्ग, नमन तिवारी समेत सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे और धर्मरस में डूबकर भक्ति का आनंद लिया।










Discussion about this post