दौराला। अझौता गांव निवासी दुष्कर्म के आरोपी दीपक को दौराला पुलिस ने आठ साल बाद मुखबिर की सूचना पर रविवार को अझौता मोड़ से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय ने भगौड़ा घोषित किया था और तत्कालीन एसएसपी ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस ने आरोपी के पास से एक तमंचा व दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।
दौराला थाना प्रभारी उत्तम सिंह राठौर ने बताया कि आठ साल पहले अझौता गांव निवासी दीपक ने एक युवती के साथ दुष्कर्म किया था। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था। पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर मुकदमे में आरोपी को भगौड़ा घोषित कर न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल कर दिया था। बताया कि तत्कालीन एसएसपी ने आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आठ साल से फरार दुष्कर्म का भगौड़ा आरोपी अझौता मोड़ पर खड़ा है, जिस पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना के बाद वह मथुरा चला गया था और वहां कुछ साल रहकर मजदूरी की। मथुरा से वह मुजफ्फरनगर और वर्तमान में सहारनपुर में रहकर मजदूरी कर रहा था। वह अपने परिवार से मिलने आया था। पुलिस ने आरोपी के पास से एक तमंचा व दो कारतूस बरामद किए हैं। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया।











Discussion about this post