मुज़फ्फरनगर। जिले की पुलिस लाइन स्थित सभागार में सोमवार को आयोजित मासिक व्यापारी गोष्ठी में पुलिस प्रशासन और व्यापारियों के बीच संवाद स्थापित हुआ। एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ और मुख्य अग्निशमन अधिकारी अनुराग कुमार ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए व्यापारियों को साइबर ठगी के प्रति जागरूक किया और उनकी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना।
गोष्ठी के दौरान साइबर क्राइम पर विशेष वर्कशॉप का आयोजन किया गया, जिसमें बताया गया कि कैसे व्यापारी साइबर धोखाधड़ी का शिकार होने से बच सकते हैं और समय रहते साइबर सेल को सूचना देकर कार्रवाई करवा सकते हैं। एसपी क्राइम ने कहा कि व्यापारी वर्ग साइबर हेल्पलाइन नंबर, हेल्प टैक्स पोर्टल, संचार साथी ऐप और चक्षु पोर्टल जैसे डिजिटल माध्यमों का उपयोग करके संदिग्ध नंबरों की रिपोर्टिंग कर सकते हैं, जिन्हें तुरंत बंद कराया जा सकता है।
बैठक में शहर के प्रमुख व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधि व अध्यक्ष मौजूद रहे। व्यापारियों ने अतिक्रमण, यातायात, ट्यूशन व कोचिंग सेंटर के पास पुलिस गश्त बढ़ाने जैसे मुद्दों को उठाया। अधिकारियों ने जानकारी दी कि पूर्व में उठाई गई कई समस्याओं का समाधान कर दिया गया है और बाकी समस्याओं का जल्द समाधान सुनिश्चित कराया जाएगा।
एसपी क्राइम ने यह भी कहा कि शासन की मंशा है कि व्यापारी और पुलिस के बीच बेहतर सामंजस्य स्थापित किया जाए ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और व्यापार सुचारु रूप से चलता रहे। उन्होंने बताया कि एक्सीडेंट प्रोन एरिया को चिन्हित कर वहां ट्रैफिक व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा।
गोष्ठी के अंत में व्यापारियों ने बैठक को उपयोगी और सकारात्मक बताया तथा पुलिस प्रशासन को सहयोग का भरोसा दिलाया।










Discussion about this post