मुजफ्फरनगर। आज महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की जयंती के अवसर पर मुजफ्फरनगर के मालवीय चौक पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जनपद की राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों ने मालवीय जी की आदमकद प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद किया।
हवन-पूजन के साथ दी गई श्रद्धांजलि-
उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने इस अवसर पर आयोजित विशेष हवन में आहुति दी। उन्होंने मालवीय जी को नमन करते हुए कहा कि उनके आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं और समाज को दिशा दे रहे हैं।
ज्ञान की गंगा बहाने वाले महान सेनानी: सांसद हरेंद्र मलिक-
समाजवादी पार्टी के लोकसभा सांसद हरेंद्र मलिक ने माल्यार्पण के बाद कहा कि पंडित मदन मोहन मालवीय देश के उन महान स्वतंत्रता सेनानियों में से थे, जिन्होंने समाज से अज्ञानता को मिटाने का बीड़ा उठाया। उन्होंने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) की स्थापना कर देश में शिक्षा और ज्ञान की जो गंगा बहाई, वह अतुलनीय है।
मालवीय चौक का हुआ कायाकल्प: मीनाक्षी स्वरूप-
नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने इस मौके पर शहरवासियों को बधाई दी। उन्होंने बताया कि नगर पालिका द्वारा मालवीय चौक का सौंदर्यीकरण कराया गया है, जिसमें आकर्षक फैंसी लाइटें लगाई गई हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि आने वाले समय में जनपद के अन्य प्रमुख चौराहों को भी इसी तरह आधुनिक और सुंदर बनाया जाएगा।
त्याग और सेवा का प्रतीक: सपा नेता राकेश शर्मा-
सपा नेता राकेश शर्मा ने मालवीय जी के संघर्षों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद विश्व प्रसिद्ध हिंदू विश्वविद्यालय की नींव रखी। उनके जीवन से हमें निस्वार्थ सेवा और त्याग की प्रेरणा लेनी चाहिए।
इस गरिमामय कार्यक्रम में नगर पालिका के सभासद, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और भारी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।










Discussion about this post