मुजफ्फरनगर। भारत की अंतरराष्ट्रीय महिला पहलवान और अर्जुन अवार्डी दिव्या काकरान ने अपनी शादीशुदा जिंदगी को लेकर बड़ा फैसला लिया है। यूपी के मुजफ्फरनगर के पुरबालियान गांव की रहने वाली दिव्या ने अपने पति सचिन प्रताप सिंह से तलाक का ऐलान कर दिया है। उन्होंने इस बारे में इंस्टाग्राम पर एक भावनात्मक स्टोरी पोस्ट करते हुए इसे अपने जीवन का “सबसे कठिन अध्याय” बताया।
दिव्या ने लिखा, “मैंने हाल ही में अपने पति सचिन प्रताप सिंह से तलाक लेने का कठिन निर्णय लिया है। यह मेरे जीवन का सबसे भावनात्मक और चुनौतीपूर्ण अध्याय रहा है। इसमें दर्द, आत्ममंथन और खुद को खोने जैसा एहसास रहा, लेकिन साथ ही कुछ ऐसे क्षण भी आए जब मुझे अपनी ताकत का अहसास हुआ।”
उन्होंने आगे लिखा, “यह निर्णय साझा करना आसान नहीं था, लेकिन मैं आपके साथ ईमानदार रहना चाहती हूं। मैं अब ठीक होने की प्रक्रिया में हूं और इस नई शुरुआत को अपनाने की कोशिश कर रही हूं।”
एक मीडिया बातचीत में दिव्या ने स्वीकार किया कि पिछले 4-5 महीनों से उनके और पति के बीच सब कुछ ठीक नहीं चल रहा था। उन्होंने बताया कि यह एक अरेंज मैरिज थी और वे दोनों इसे संभालने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन आखिरकार अलग होने का निर्णय लेना पड़ा।
दिव्या और सचिन की शादी 21 फरवरी 2023 को मेरठ के कंकरखेड़ा स्थित एक रिसॉर्ट में हुई थी। शादी से पहले वे 2022 से रिलेशनशिप में थे। सचिन प्रताप सिंह एक राष्ट्रीय स्तर के बॉडीबिल्डर और मेरठ के जिम ट्रेनर हैं। उनके पिता उत्तर प्रदेश पुलिस में सब-इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हैं और पुलिसकर्मियों को ट्रेनिंग भी देते हैं।
दिव्या ने लिखा कि अब वह धीरे-धीरे सामान्य हो रही हैं और जीवन को नए तरीके से स्वीकार करने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने अपने माता-पिता और परिवार का भी आभार जताया, जिन्होंने हर परिस्थिति में उनका साथ दिया।
दिव्या काकरान 8 बार भारत केसरी का खिताब जीत चुकी हैं। उन्होंने देश के लिए कॉमनवेल्थ गेम्स और एशियन गेम्स में मेडल जीते हैं। 2022 में कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक जीतने के बाद उन्हें रेलवे के टीटी पद से प्रमोशन देकर उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा नायब तहसीलदार नियुक्त किया गया।
दिव्या अपने खेल के साथ-साथ महिला खिलाड़ियों के संघर्षों को लेकर भी मुखर रही हैं। निजी जिंदगी में आए इस कठिन मोड़ के बावजूद उन्होंने साहस के साथ आगे बढ़ने का संकल्प दिखाया है।










Discussion about this post