मुजफ्फरनगर। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) के मंगलवार को घोषित परिणाम में मुजफ्फरनगर के लिए गौरव का क्षण आया है। चरथावल ब्लॉक की रिया सैनी ने तीसरे प्रयास में यूपीएससी की परीक्षा में 22 वीं रैक हासिल की है। रिया के पिता मुकेश कुमार दिल्ली में एमपीएस मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विस में मुख्य अभियंता हैं। माता प्रीति सैनी गृहिणी हैं। छोटा भाई अनमोल लॉन टेनिस का राष्ट्रीय खिलाड़ी है। वह इंटरमीडिएट के बाद इंजीनियरिंग की तैयारी कर रहा है।
रिया ने 2023 में दूसरे प्रयास में आईआरटीएस में सफलता पाई थी। लेकिन उनका लक्ष्य आईएएस बनना था। कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प से 2024 में उन्होंने यह लक्ष्य हासिल कर लिया। उन्हें उत्तर प्रदेश या महाराष्ट्र कैडर मिलने की संभावना है।
सफलता का मंत्र साझा करते हुए रिया कहती हैं कि यूपीएससी की तैयारी में मुख्य विषय पर फोकस जरूरी है। बाजार में उपलब्ध अनेक किताबों में भटकने की बजाय एकाग्रता से पढ़ाई करें। उन्होंने इंजीनियरिंग के बाद यूपीएससी में समाजशास्त्र विषय चुना।
कचहरी में अधिवक्ता प्रवीण सैनी ने कहा कि उनकी चचेरी बहन की इस उपलब्धि से जिले का मान बढ़ा है। यह सफलता अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। परिचितों और रिश्तेदारों के बधाई संदेश लगातार आ रहे हैं।










Discussion about this post