मीरापुर। उत्तर प्रदेश सरकार ने रामराज क्षेत्र के गांव हाशमपुर निवासी और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने वाली पैरा एथलीट प्रीति पाल को बड़ा तोहफा दिया है। अर्जुन पुरस्कार विजेता प्रीति पाल को ग्राम्य विकास विभाग में खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) के पद पर नियुक्त किया गया है। सरकार के इस फैसले से प्रीति का परिवार ही नहीं बल्कि पूरा गांव खुश है।
जनवरी 2025 में प्रीति पाल को राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में अर्जुन अवार्ड से सम्मानित किया गया था। इससे पहले, उन्होंने पेरिस में आयोजित विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2024 में 100 मीटर और 200 मीटर दौड़ में
शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया था। उनकी उपलब्धियों का सिलसिला यहीं नहीं रुका—उन्होंने पैरालंपिक में भी ऐतिहासिक पदक जीतकर भारत का मान बढ़ाया।
अर्जुन अवार्ड मिलने के बाद प्रीति ने एक इंटरव्यू में सरकार से नौकरी देने की अपेक्षा जताई थी। अब योगी आदित्यनाथ सरकार ने उनकी मेहनत और समर्पण को मान्यता देते हुए उन्हें खंड विकास अधिकारी नियुक्त किया है।
प्रीति पाल की इस उपलब्धि पर गांव में जश्न जैसा माहौल है। क्षेत्रवासियों और शुभचिंतकों ने उनके घर पहुंचकर मिठाई बांटी और बधाइयाँ दीं। उनके परिवार ने सरकार का आभार प्रकट करते हुए कहा कि यह नियुक्ति सिर्फ प्रीति ही नहीं, बल्कि हर संघर्षशील खिलाड़ी के लिए प्रेरणा है।










Discussion about this post