बागपत। उत्तर प्रदेश के बड़ौत के बिजरौल गांव में पारिवारिक विवाद में जहरीला पदार्थ खाने से डेढ़ साल की दिव्यांशी की मौत हो गई, जबकि उसकी मां पिंकी की हालत बिगड़ गई। परिजनों ने उसका अस्पताल में इलाज कराया। पिंकी ने अपने पति पर जहरीला पदार्थ देने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
सहारनपुर की रहने वाली पिंकी ने बताया कि शादी दो साल पहले बिजरौल गांव के राजू से हुई थी। शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। आरोप लगाया कि पारिवारिक विवाद में बुधवार की सुबह पिंकी और उसकी बेटी डेढ़ साल की दिव्यांशी को जहरीला पदार्थ दे दिया।
उधर जहरीला पदार्थ निगलने से दिव्यांशी की मौत हो गई, जबकि परिजनों ने पिंकी को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। बताया गया कि दंपती के बीच किसी बात को लेकर मंगलवार देर रात तक झगड़ा होता रहा।
इस मामले में सीओ विजय तोमर ने बताया कि मामला संवेदनशील है। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी मिलेगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।











Discussion about this post