मुजफ्फरनगर। दोस्ती का झांसा देकर निवेश के नाम पर साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। रामराज क्षेत्र के एक 17 वर्षीय किशोर को अमृतसर घूमने के दौरान दो युवकों ने ठग लिया। परिजनों की सतर्कता और त्वरित शिकायत के चलते रामराज पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर ठगी गई पूरी रकम एक लाख 62 हजार चार सौ रुपये बरामद कर ली है।
अमृतसर में हुई थी दोस्ती-
पुलिस अधीक्षक देहात आदित्य बंसल ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि रामराज क्षेत्र के गांव आलमपुर निवासी गुरचरन सिंह का नाबालिग पुत्र कुछ दिन पूर्व अमृतसर घूमने गया था। वहां उसकी मुलाकात मोबाइल शॉप चलाने वाले प्रशांत उर्फ निखिल (पुत्र कौशल मौर्या, निवासी इस्लामाबाद, अमृतसर) से हुई। प्रशांत ने किशोर से दोस्ती कर उसका विश्वास जीत लिया।
मुनाफे का लालच और पुलिस कमिश्नर की धमकी-
अमृतसर से लौटने के बाद प्रशांत ने किशोर से फोन पर संपर्क किया। उसने तेज मुनाफा का लालच देकर एक बिज़नेस में निवेश करने की सलाह दी और पैसे दोगुने करने की बात कही। झांसे में आकर किशोर ने बिना परिजनों को बताए अपने खाते से एक लाख से अधिक रुपये प्रशांत के खाते में ट्रांसफर करवा दिए।
बाद में जब किशोर ने पैसे वापस मांगे, तो प्रशांत के साथी नाजिब अली (पुत्र तैय्यब अली, निवासी इस्लामाबाद, अमृतसर) ने स्वयं को ‘पुलिस कमिश्नर’ बताकर फोन किया और धमकी देकर उस पर दबाव बनाया। डर के माहौल में किशोर ने ₹45,000 और नाजिब के खाते में डलवा दिए।
शिकायत के बाद तत्काल कार्रवाई-
लगातार पैसे मांगने और धमकियों के बाद किशोर को ठगी का अहसास हुआ और उसने हिम्मत जुटाकर सारी बात अपने पिता को बताई। परिजनों ने तुरंत साइबर क्राइम कंट्रोल नंबर पर शिकायत दर्ज कराई और स्थानीय पुलिस को भी सूचित किया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों प्रशांत और नाजिब अली को अमृतसर से गिरफ्तार कर लिया और ठगी गई पूरी रकम बरामद कर ली।
सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर रवेंद्र सिंह यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हुई। टीम ने ठगी से जुड़े बैंक खातों को तुरंत फ्रीज कराया और दोनों आरोपितों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने सोमवार की शाम आलमपुर नहर पुल के निकट दोनों आरोपितों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से ठगी की पूरी राशि ₹1,62,400 बरामद कर ली। पूछताछ में दोनों आरोपितों, प्रशांत उर्फ निखिल और नाजिब अली, ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपितों को मंगलवार सुबह न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।










Discussion about this post