संभल। चंदौसी के लक्ष्मणगंज में नगर निगम की साढ़े छह बीघा जमीन पर अवैध रूप से बनी रजा-ए-मुस्तफा मस्जिद को ध्वस्त करने की जिम्मेदारी लेने के बावजूद मस्जिद कमेटी तय समय में पूरी तरह से ध्वस्त करने में विफल रही। शनिवार शाम तक मस्जिद पूरी तरह गिरा दी जानी थी लेकिन रविवार तक 60 प्रतिशत ही तोड़ी जा सकी।
शेष गुंबद सहित करीब 40 प्रतिशत हिस्से को जस का तस देखकर मौके पर पहुंचे एसडीएम विनय कुमार मिश्रा ने कमेटी को फटकार लगाते हुए शीघ्र ही कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। प्रशासनिक कार्रवाई के तहत एसडीएम विनय मिश्रा, सीओ अनुज चौधरी, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी धर्मराज राम, पुलिस बल और अर्द्धसैनिक बल के साथ जेसीबी लेकर मौके पर पहुंचे थे।
मस्जिद के कुछ हिस्से को तोड़े जाने के बाद मस्जिद कमेटी ने खुद ही शेष हिस्सा गिराने की बात कहते हुए शाम तक का समय मांगा था। बावजूद रविवार तक ढांचा पूरी तरह नहीं गिराया जा सका। एसडीएम ने मौके पर दोबारा निरीक्षण किया तो पाया कि ध्वस्तीकरण का काम भी रोक दिया गया है। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए मस्जिद कमेटी को चेतावनी दी गई कि यदि शेष हिस्सा भी तत्काल नहीं गिराया गया तो प्रशासन स्वयं जेसीबी से कार्रवाई करेगा।
शनिवार सुबह प्रशासन के बुलडोजर लेकर पहुंचते ही मस्जिद कमेटी के सदस्य खुद ही मस्जिद को गिराने में जुट गए थे। प्रशासन ने पहले ही चेतावनी दे दी थी कि यदि शनिवार शाम तक मस्जिद पूरी तरह नहीं तोड़ी गई, तो रविवार को जेसीबी से ध्वस्तीकरण कराया जाएगा। प्रशासन का कहना है कि यह भूमि नगर पालिका की है, जिस पर एक मस्जिद और 34 मकान अवैध रूप से बने हैं।
हालांकि, मकान धारकों का दावा है कि उनके पास बैनामे हैं, लेकिन मस्जिद कमेटी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी। इसी आधार पर मस्जिद को ध्वस्त करने का आदेश दिया गया था। मस्जिद कमेटी ने 19 जून को प्रशासन से अनुमति लेकर खुद ही मस्जिद गिराने की सहमति जताई थी।
प्रशासन ने मस्जिद के साथ ही लक्ष्मणगंज क्षेत्र में पालिका भूमि पर बने 34 मकानों का भी निरीक्षण किया। इन सभी मकानों को 15 दिन में खाली कर स्वेच्छा से गिराने के निर्देश दिए गए हैं। एसडीएम व सीओ ने घर-घर जाकर लोगों से बातचीत की और नोटिस चस्पा करने के निर्देश अधीनस्थों को दिए।
निरीक्षण के दौरान प्रशासन को क्षेत्र में जीएस नाम से एक इंग्लिश मीडियम स्कूल मिला, जहां परचून का सामान और पशु का गोबर पड़ा मिला। जब स्कूल संचालक रिफाकत से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि ईद पर कुर्बानी की गई थी। आशंका जताई जा रही है कि गोबर गोवंशीय पशु का हो सकता है, जिसे लेकर सैंपल जांच के लिए भेजा गया है। स्कूल संचालक से गहन पूछताछ जारी है।
मस्जिद का ध्वस्तीकरण कार्य शनिवार को धीमी गति से हो रहा था, जिसे देखते हुए प्रशासन ने सख्ती बरती। एसडीएम की चेतावनी के बाद दोबारा मजदूर बुलाकर कार्य शुरू कराया गया। प्रशासन का साफ निर्देश है कि मस्जिद का शेष ढांचा शीघ्र ही गिराया जाए, अन्यथा रविवार को जेसीबी लगाकर शासकीय स्तर पर ध्वस्तीकरण कराया जाएगा।
मस्जिद कमेटी को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे शेष ढांचा तुरंत गिराएं। यदि निर्देशों की अवहेलना हुई तो प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा। 34 मकानों को भी 15 दिन में खाली करना अनिवार्य है। — विनय कुमार मिश्रा, एसडीएम, चंदौसी











Discussion about this post