मुज़फ्फरनगर। टाउन हॉल मैदान में किसान नेता राकेश टिकैत की पगड़ी उतारने और धक्का देने की घटना में पुलिस ने एक आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान सौरभ वर्मा के रूप में हुई है। खालापार थाना पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के बाद युवक का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह अपनी हरकत के लिए माफी मांगता नजर आ रहा है।
एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि बीते दिन टाउन हॉल मैदान में आयोजित जन आक्रोश रैली के दौरान राकेश टिकैत के साथ हुई अभद्रता को लेकर भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष नवीन राठी की तहरीर पर नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
उन्होंने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है। सभी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि किसी भी सूरत में कानून व्यवस्था को बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।










Discussion about this post