शामली। शहर कोतवाली पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाते हुए अंतर्जनपदीय वाहन चोर गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की 11 बाइकें बरामद की हैं। गिरफ्तार चोर से पूछताछ कर उसे जेल भेज दिया गया है।
गुरुवार को शहर कोतवाली परिसर में प्रेस वार्ता करते हुए एएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि एसपी के निर्देश पर सिंभालका रेलवे अंडरपास के पास चेकिंग अभियान के दौरान शहर कोतवाली पुलिस ने भागने का प्रयास कर रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अमित पुत्र सुरेशपाल निवासी गांव कंजरहेड़ी, थाना बाबरी बताया। आरोपी के पास से एक बाइक बरामद हुई, जिसके संबंध में थाना कोतवाली शामली में पहले से ही मुकदमा दर्ज है।
कड़ाई से पूछताछ करने पर अमित ने बताया कि उसने चोरी की अन्य बाइकें खेड़ी करमू मार्ग पर झाड़ियों व पेड़ों के नीचे आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मौके से 7 बाइकें, 3 बाइकों के पार्ट्स व नंबर प्लेटें बरामद कीं। इनमें से पांच वाहनों के संबंध में कोतवाली शामली, बाबरी व झिंझाना थानों में मुकदमे दर्ज हैं, जबकि अन्य वाहनों की जानकारी की जा रही है।
आरोपी अमित ने बताया कि वह अपने साथी अरुण पुत्र राकेश कुमार निवासी खेडा गदायी, थाना थानाभवन के साथ मिलकर भीड़भाड़ वाले स्थानों अस्पताल, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, मैरिज होम आदि से बाइक चोरी करता था। चोरी की गई बाइकें राहगीरों को अपनी मजबूरी बताकर सस्ते दामों में बेच दी जाती थीं।











Discussion about this post