शामली। श्रावण मास की शिवरात्रि पर संपन्न होने वाली कांवड़ यात्रा इस बार 11 जुलाई से शुरू हो रही है। भोलेनाथ को समर्पित इस आस्था यात्रा के लिए जिले में तैयारियां जोरों पर शुरू हो गई हैं। पुलिस प्रशासन से लेकर नगर पालिका तक सभी विभाग पूरी सतर्कता के साथ काम करने में जुट गए हैं।
श्रावण मास में भोले बाबा की भक्ति में डूबे लाखों कांवड़िए गंगा जल लेकर नाचते-गाते अपने गंतव्य की ओर बढ़ते हैं। इस बार भी कांवड़ यात्रा के लिए शिवभक्तों द्वारा गंगाजल भरकर लाने का सिलसिला शुरू हो चुका है। सोमवार को हरियाणा के करनाल निवासी कांवड़िया हनी 80 लीटर गंगाजल लेकर शामली से होकर गुजरे।
कांवड़ मार्ग की तैयारी के तहत नगर पालिका परिषद ने विशेष सफाई अभियान चलाया। सोमवार को कैराना रोड पर 20 सफाई कर्मचारियों की टीम लगाई गई, जिन्होंने सड़क किनारे उगी घास की कटाई कर कूड़ा-कचरा साफ किया। एसटी तिराहा से लेकर पूर्वी यमुना नहर पुल तक जेसीबी मशीन की मदद से कांवड़ मार्ग को समतल किया गया और मिट्टी के ढेर हटाए गए।
नगर पालिका के साथ-साथ पीडब्ल्यूडी और अन्य विभाग भी सड़कों को गड्ढामुक्त करने के काम में जुटे हैं। मेरठ-करनाल रोड, झिंझाना रोड और दिल्ली रोड जैसे प्रमुख मार्गों पर बने गहरे गड्ढों को भरने का कार्य तेज़ी से चल रहा है।
प्रशासन का उद्देश्य है कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी श्रद्धालु को कोई असुविधा न हो और पूरा वातावरण भक्तिमय व सुरक्षित बना रहे। यातायात व्यवस्था से लेकर जल, शौचालय, चिकित्सा और सुरक्षा तक की तैयारियां अंतिम रूप में लाई जा रही हैं।











Discussion about this post