मेरठ। कांवड़ यात्रा के दौरान मेरठ से गुजरने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए प्रशासन ने कड़े सुरक्षा एवं गुणवत्ता मानक लागू किए हैं। मेरठ मंडल के आयुक्त डॉ. ऋषिकेश भास्कर यशोद ने निर्देश दिए हैं कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर स्थित हर रेस्टोरेंट, भोजनालय और फूड पॉइंट पर रेट लिस्ट लगाना अनिवार्य होगा। साथ ही दुकान पर मालिक का नाम, रजिस्ट्रेशन नंबर और QR कोड भी प्रदर्शित करना जरूरी होगा।
आयुक्त ने बताया कि इस व्यवस्था का उद्देश्य यात्रियों को शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना है ताकि कांवड़ यात्रा सुखद और परेशानी मुक्त हो।
खाद्य सुरक्षा विभाग यह सुनिश्चित करेगा कि सभी खाद्य व्यवसायों के पास फूड सेफ्टी रजिस्ट्रेशन प्रमाण पत्र हो, जिसमें दुकानदार का नाम और रजिस्ट्रेशन नंबर स्पष्ट रूप से लिखा हो। इससे यात्रियों को दुकानों की प्रामाणिकता का भरोसा मिलेगा।
डॉ. यशोद ने बताया कि हर दुकान पर QR कोड लगाया जाएगा, जिसे स्कैन करने पर कांवड़ यात्री दुकानदार और उसकी पंजीकरण से जुड़ी पूरी जानकारी तुरंत प्राप्त कर सकेंगे। इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और यात्रियों को भरोसेमंद विकल्प मिलेंगे।
प्रशासन का मानना है कि इस कदम से न केवल खाने-पीने की दुकानों पर कड़ी निगरानी होगी, बल्कि शिकायतों में भी कमी आएगी। यात्रियों को उच्च गुणवत्ता का भोजन मिलने से कांवड़ यात्रा का अनुभव बेहतर होगा।











Discussion about this post