मुजफ्फरनगर। आज फिर जिला प्रशासन का बुलडोजर सरकारी जमीन पर अवैध कब्जों को हटाने के लिए चला है। एसडीएम सदर निकिता शर्मा ने सरकारी जमीन पर बुलडोजर चलाकर उसे अतिक्रमण से मुक्त कराया।
शासन के निर्देशानुसार सरकारी भूमि व चकमार्ग सहित अन्य समस्त प्रकार की सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराने के दृष्टिगत आज जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के दिशा निर्देशन में उप जिलाधिकारी सदर निकिता शर्मा द्वारा राजस्व टीम को साथ लेकर तहसील सदर क्षेत्र के गांव मीरापुर के पास 12 बीघा जमीन के अवैध कब्जे के प्रकरण पर संज्ञान लेते हुए मौके पर निरीक्षण किया गया।
उपजिलाधिकारी सदर निकिता शर्मा ने बताया कि उक्त भूमि की समस्त अभिलेखों में जांच की गई है, जिसमें पाया गया कि यह भूमि जो कि पूर्ण रूप से सरकारी खातो में जीएसटी विभाग की दर्ज है, जिस पर कब्जा कर फसल की रोपाई की जाती है। आज इस प्रकरण पर संज्ञान लेते हुए राजस्व टीम व कुछ स्थानीय किसानों की मौजूदगी में 12 बीघा सरकारी भूमि को वहलना बाईपास से शामली बाईपास मीरापुर गांव के पास से कब्जामुक्त कराया गया।
साथ ही मौके पर मौजूद किसानों को समझाया गया कि किसी भी प्रकार की सरकारी भूमि पर कब्जा न करें, अन्यथा उनके खिलाफ कानूनी कार्यवाही अमल में लायी जायेगी। साथ ही किसानों द्वारा सरकारी जमीन पर बोई गई फसल बर्बाद होने से किसानों को आर्थिक नुकसान भी झेलना पडेगा।
एसडीएम सदर ने कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति सरकारी व अन्य किसी भूमि पर कब्जा करने का प्रयास करता है तो इसकी सूचना सम्बन्धित उप जिलाधिकारी कार्यालय पर पहुंचकर दर्ज करायें। बाद में एसडीएम सदर निकिता शर्मा ने अवगत कराया कि कब्जामुक्त कराई गई जमीन को जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार जी.एस.टी. विभाग के सुपुर्द कर दिया गया है। इस दौरान तहसीलदार सदर राधेश्याम गौड़ व क्षेत्रीय लेखपाल सहित प्रशासनिक कर्मचारी भी मौजूद रहे।










Discussion about this post