शामली। उत्तर प्रदेश के शामली जिले में बिना किसी सरकारी मंजूरी और टेंडर के चल रहे सड़क निर्माण कार्य को नगर पालिका अधिकारियों ने तत्काल प्रभाव से रोक दिया है। यह मामला शहर के रेलवे रोड स्थित सत्यनारायण मंदिर के पास की एक गली का है, जहां बीते दो दिनों से सड़क निर्माण का कार्य बिना किसी वैध प्रक्रिया के किया जा रहा था।
मौके की स्थिति के अनुसार, लगभग 80 मीटर लंबी एक पहले से बनी साफ-सुथरी और ठीक-ठाक आरसीसी सड़क पर दोबारा आरसीसी सड़क डाली जा रही थी। स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दिए जाने पर नगर पालिका की ओर से जांच की गई और यह पाया गया कि निर्माण कार्य के लिए कोई टेंडर जारी नहीं हुआ है।
जब इस संबंध में नगर पालिका अधिशासी अधिकारी विनोद सोलंकी से फोन पर संपर्क किया गया, तो उन्होंने “मैं आज बाहर हूं” कहकर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। इसके बाद नगर पालिका के जूनियर इंजीनियर (JE) श्रीकांत राणा से बात की गई। उन्होंने बताया कि उक्त गली के सड़क निर्माण के लिए नगर पालिका से कोई टेंडर पास नहीं हुआ है और कार्य अवैध रूप से किया जा रहा है।
सूचना मिलते ही नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंची और निर्माण कार्य को तुरंत रुकवाया गया। इसके बाद वहां काम कर रहे मजदूर और मिस्त्री काम अधूरा छोड़कर चले गए। फिलहाल नगर पालिका द्वारा इस पूरे मामले की जांच की जा रही है कि बिना अनुमति और टेंडर के यह निर्माण कार्य किसकी जानकारी में किया जा रहा था।











Discussion about this post