मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के चरथावल थानाभवन मार्ग पर प्रशासन ने अतिक्रमण विरोधी अभियान शुरू कर दिया है। हाल ही में इस मार्ग पर हुए हादसों में मां-बेटी समेत तीन लोगों की मौत हो गई थी। इन हादसों के बाद भारतीय किसान यूनियन ने धरना भी दिया था।
सड़क चौड़ीकरण का काम डेढ़ साल पहले शुरू हुआ था। 52 करोड़ रुपये की लागत से 19.855 किलोमीटर सड़क को 7 मीटर से बढ़ाकर 10 मीटर करने का प्रस्ताव मंजूर हुआ था। लेकिन कुछ लोगों के विरोध के कारण यह काम पिछले 10 महीने से रुका हुआ था। सड़क की खराब स्थिति के कारण यहां आए दिन हादसे होते रहते हैं। हाल ही में एक ट्रक की टक्कर से सायरा बानी और उनकी बेटी चांदनी की मौत हो गई थी।
प्रशासन ने सड़क किनारे सरकारी मानकों के अनुसार चौड़ीकरण का काम शुरू कर दिया है। कब्जाधारियों को तुरंत हटने के निर्देश दिए गए हैं। नगर पंचायत चेयरमैन इस्लामुद्दीन और भाकियू ब्लाक अध्यक्ष संजय त्यागी ने इस संबंध में ज्ञापन सौंपा है। आंदोलन जनकल्याण और ईंट निर्माता कल्याण समिति के अध्यक्ष प्रमोद कुमार ने भी जिलाधिकारी को मार्ग चौड़ीकरण की मांग का प्रार्थना पत्र दिया है।










Discussion about this post