मुजफ्फरनगर। नगरपालिका परिषद की बोर्ड बैठक में इस बार खूब हंगामा देखने को मिला। बैठक के दौरान कुल 143 प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास किए गए। लेकिन इस दौरान भाजपा की वार्ड 36 की सभासद पारुल मित्तल ने पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अब वह बोर्ड बैठक में कोई भी प्रस्ताव नहीं रखतीं, क्योंकि उनके प्रस्तावों पर कोई कार्यवाही नहीं होती।
सभासद पारुल मित्तल ने कहा कि नगरपालिका प्रशासन द्वारा जनता के हित के काम नहीं किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि वार्ड में लाइट, स्विच, स्पीड ब्रेकर जैसी बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अब तक कार्यकाल का 40% समय बीत चुका है, लेकिन वार्ड में कोई ठोस विकास कार्य नहीं हुआ है।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने मीडिया से कहा कि सभी प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास हुए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि दो वर्षों में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं और कुछ बड़े प्रोजेक्ट शीघ्र ही शुरू किए जाएंगे। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि शहर के सभी खुले नालों को ढका जाएगा। चेयरपर्सन ने कहा कि सभी वार्ड मेंबरों द्वारा भेजे गए प्रस्तावों को प्राथमिकता दी जाती है।
मीडिया द्वारा जब चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप से दो वर्षों में कराए गए पांच बड़े कार्यों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने जवाब देने से इनकार करते हुए कहा कि सभी कार्य सूची में हैं और कार्यकाल पूरा होने के बाद सबका लेखा-जोखा दिया जाएगा।











Discussion about this post