शामली। बलवा और शामली के बीच ट्रेन पलटाने की साजिश के मामले में उत्तर रेलवे के यातायात निरीक्षक सुनील कुमार धीमान ने शामली पहुंचकर जांच की और रिपोर्ट तैयार कर दिल्ली मंडल के रेलवे अधिकारियों को भेज दी है।
रेलवे के यातायात निरीक्षक ने दिल्ली मंडल के अधिकारियों को भेजी रिपोर्ट में घटना की जानकारी दी गई। रिपोर्ट में ट्रेन के चालक जोगेंद्र सिंह की ओर से दी गई सूचना और शामली रेलवे स्टेशन मास्टर आशीष सैनी की ओर शामली कोतवाली में दी गई तहरीर और दर्ज मुकदमे की जानकारी दी गई। उन्होंने अधिकारियों को अवगत कराया कि ट्रेन पलटाने की कोशिश के मामले की जांच शामली कोतवाली पुलिस कर रही है। दूसरी ओर दिल्ली मंडल के कमांडेंट ज्योतिमणी ने बताया कि शामली पुलिस संदिग्ध लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
गौरतलब है कि दो दिन पूर्व दिल्ली- शामली-सहारनपुर रेलवे मार्ग पर 64021 पैसेंजर ट्रेन दिल्ली से चलकर बलवा हाल्ट पर रुकी और यहां से शामली के लिए रवाना हुई थी। ट्रेन अपनी स्पीड पकड़ भी नही पाई थी के बलवा-शामली के बीच 85, 15-16 किलोमीटर पर नलकूप का पाइप और पत्थर रखे हुए मिले। चालक जोगेंद्र सिंह ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोका था और रेलवे कंट्रोल रूम को दी थी।











Discussion about this post