मुजफ्फरनगर। थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में काली नदी के पास स्थित जमीन पर हथियारबंद दबंगों द्वारा जबरन कब्जा करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो में कुछ लोग हाथों में लाठी-डंडे और हथियार लिए नजर आ रहे हैं, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि दबंगों ने खेत में बोई गई फसल को नष्ट कर जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की। पीड़ित पक्ष ने मामले की शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से की है।
पीड़ित शादाब ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर बताया कि जमीन को लेकर विवाद न्यायालय में विचाराधीन है, लेकिन इसके बावजूद कुछ दबंग हथियारों के साथ खेत में घुस आए और कब्जे की नीयत से ट्रैक्टर चला दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि लेखपाल, पटवारी समेत कुछ प्रशासनिक अधिकारी दबंगों के साथ मिले हुए हैं। शादाब ने बताया कि वह लंबे समय से इस जमीन पर खेती कर रहे हैं, जिसमें इस बार गन्ना और चेरी की फसल बोई गई थी।
शादाब ने बताया कि जैसे ही उन्हें घटना की सूचना मिली, उन्होंने तुरंत पुलिस को फोन किया और मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखते ही दबंग लाठी-डंडे और हथियार लेकर भाग खड़े हुए। पूरी घटना का वीडियो पीड़ित पक्ष ने रिकॉर्ड कर लिया, जिसे पुलिस को भी सौंप दिया गया है।
विवादित भूमि काली नदी के पार, मुजफ्फरनगर की सीमा से बाहर स्थित है, और इसका कुल क्षेत्रफल लगभग 17-18 बीघा बताया जा रहा है। पीड़ित का कहना है कि वह न्यायालय के आदेश का पूरी तरह पालन करेंगे और किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शादाब ने बताया कि इस मामले में अरशद, फरमान और यूसुफ का बेटा जैसे भूमाफियाओं के नाम सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस को सभी वीडियो साक्ष्य सौंप दिए गए हैं और अब वह निष्पक्ष कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। मामले का संज्ञान लेते हुए एसएसपी ने कोतवाली पुलिस को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।










Discussion about this post