मुज़फ्फरनगर। साइबर क्राइम पुलिस टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने फेसबुक और इंस्टाग्राम पर फर्जी फल एवं सब्जी विक्रेता कंपनी के नाम से पेज बनाकर देशभर के ग्राहकों से ठगी करने वाले दो शातिर युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने अब तक 50 लाख रुपए से अधिक की ऑनलाइन धोखाधड़ी की है।
पुलिस लाइन स्थित सभागार में मामले का खुलासा करते हुए एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खतौली थाना क्षेत्र निवासी अहमद नवाज और अमन के रूप में हुई है। दोनों आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे फेसबुक और इंस्टाग्राम पर फर्जी फल-सब्जी बेचने वाले पेज बनाते थे और ग्राहकों को सस्ते दामों पर ताजे फल व सब्जी की डिलीवरी का झांसा देते थे। डील के बाद वे एडवांस पेमेंट मंगवाते और फिर नंबर बंद कर देते थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों के 12 बैंक खातों में अब तक 30 से 40 लाख रुपए का लेन-देन हो चुका है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चार पासबुक, तीन चेकबुक, तीन मोबाइल फोन, अलग-अलग नंबरों के कई सिम कार्ड, और एक लैपटॉप बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने ठगी से मिली रकम का उपयोग मकान और गाड़ियां खरीदने, तथा अपने पुराने कर्ज चुकाने में किया है। हैरानी की बात यह है कि दोनों आरोपी केवल आठवीं कक्षा तक शिक्षित हैं, लेकिन सोशल मीडिया और बैंकिंग सिस्टम की जानकारी का दुरुपयोग कर इतने बड़े स्तर पर लोगों को ठगने में सफल रहे।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से विस्तृत पूछताछ कर रही है और उनके अन्य साथियों या ठगी के और मामलों की भी जांच की जा रही है।











Discussion about this post